शराब के लिए वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पैसे नहीं देने पर की थी मारपीट
कटनी। थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने शराब पीने के लिए रुपये-पैसों की मांग कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कटनी आईपीएस अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी सलीमानाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना ढीमरखेड़ा पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को ग्राम झररी निवासी धन्नोलाल यादव (30) ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के ही महेश यादव ने शराब पीने के लिए उससे रुपये-पैसों की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। फरियादी की शिकायत पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 341/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 119(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान विवेचना अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विजयेन्द्र तिवारी ने आरोपी महेश यादव (37), निवासी ग्राम झररी, थाना ढीमरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय जेएमएफसी न्यायालय ढीमरखेड़ा के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई से क्षेत्रीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और आमजन ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक विजयेन्द्र तिवारी, आरक्षक जागेश्वर एवं थाना ढीमरखेड़ा के समस्त स्टाफ की विशेष भूमिका रही।








