नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने का आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, एनकेजे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, न्यायालय में किया पेश
कटनी। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में फरार आरोपी को एनकेजे पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
अस्पताल में भर्ती बालिका से पूछताछ में सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को अस्पताल चौकी कटनी से सूचना मिली कि एक नाबालिग बालिका गर्भवती अवस्था में शासकीय जिला अस्पताल कटनी में भर्ती है। महिला संबंधी अपराध की आशंका पर महिला थाना को सूचना दी गई। महिला थाना प्रभारी ने अस्पताल पहुंचकर बालिका से पूछताछ की। पूछताछ में बालिका ने अपनी उम्र 18 वर्ष से कम बताई। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने करीब दो वर्ष पहले उससे शादी कर शारीरिक संबंध बनाए थे, जिसके कारण वह गर्भवती हुई। बालिका की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामला दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए जबलपुर में घेराबंदी कर आरोपी हैरान कोल को अभिरक्षा में लिया। इसके बाद उसे थाना लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय कटनी में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, सहायक उप निरीक्षक सहपाल परतेती, आरक्षक अर्पित पटेल, आरक्षक अनिल गौतम और महिला आरक्षक अस्विता ग्वालवंशी की सराहनीय भूमिका रही।