स्थानांतरण के बाद भी लेखपाल नहीं हुए रिलीव, प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कटनी। जिले के बरही स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ लेखपाल प्रदीप तिवारी के स्थानांतरण के बाद भी उन्हें अब तक कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शासन के स्पष्ट स्थानांतरण आदेश के बावजूद 20 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वे अपने वर्तमान कार्यस्थल पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को प्रदीप तिवारी का स्थानांतरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही से ढीमरखेड़ा किया गया था। आरोप है कि आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि मेडिकल अवकाश का आवेदन प्रस्तुत करने के बाद भी वे हाई स्कूल में ड्यूटी कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव और प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत के कारण स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं कराया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के कारण संबंधित कर्मचारी को कार्यमुक्त करने में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर आशीष तिवारी और जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थानांतरण आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित कराने तथा संबंधित लेखपाल को शीघ्र कार्यमुक्त किए जाने की मांग की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *