निवार पुलिस की सतर्कता से टला हादसा, नशे में वाहन चला रहे बोलेरो चालक को किया गिरफ्तार

Oplus_16908288

निवार पुलिस की सतर्कता से टला हादसा, नशे में वाहन चला रहे बोलेरो चालक को किया गिरफ्तार

कटनी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निवार चौकी पुलिस ने शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे एक बोलेरो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़े सड़क हादसे को टाल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के मार्गदर्शन में संचालित ‘ऑपरेशन सड़क सुरक्षा’ के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन क्रमांक MP 21 TA 1076 का चालक घुघरा ग्राम के आसपास क्षेत्र में तेज गति एवं अनियंत्रित ढंग से वाहन चला रहा था, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी। सूचना मिलते ही निवार चौकी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घुघरा ग्राम के समीप घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन चालक की स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया, जिसमें उसके द्वारा अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया तथा चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते वाहन को नहीं रोका जाता तो कोई गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे, चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्रा, उप निरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, आरक्षक अरविंद कुशवाहा एवं वकील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post