8 साल से फरार स्थाई वारंटी उमरदराज उर्फ बबलू गिरफ्तार, तीन मामलों में था वांछित, कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
कटनी। लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2018 और 2021 से संबंधित तीन प्रकरणों में फरार चल रहे स्थाई वारंटी उमरदराज उर्फ बबलू को बैलट घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने फरार वारंटियों की जानकारी की समीक्षा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। इसी दौरान पुलिस को उमरदराज उर्फ बबलू पिता मुन्ना खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी बैलट घाट, अम्बेडकर वार्ड, कटनी के संबंध में जानकारी मिली। उसके खिलाफ विभिन्न न्यायालयों से प्रकरण क्रमांक 348/19, 4337/21 एवं एसटी/61/22 में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस लंबे समय से उसके निवास सहित संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था।
19 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि स्थाई वारंटी बैलट घाट क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेलवे कॉलोनी के पीछे स्थित मैदान में घेराबंदी कर उमरदराज उर्फ बबलू को पकड़ लिया। पुलिस ने वारंटी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल दाखिल कराया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक दीपक तिवारी एवं दीपक चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।