महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर किया जोरदार प्रदर्शन
कटनी। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी जिला कटनी द्वारा विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और सरकार से बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की गई।
आंदोलन में शामिल लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। छोटे व्यापारियों के सामने रोजगार बचाने का संकट खड़ा हो गया है, वहीं मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार घर का खर्च चलाने के लिए परेशान हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों में सरकार की नीतियों को लेकर आक्रोश दिखाई दिया।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि उन परिवारों की आवाज है जो महंगाई की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब एक व्यापारी अपने व्यवसाय को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा हो और मजदूर अपने घर का चूल्हा जलाने की चिंता में हो, तब गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी जनता के लिए बड़ा दर्द बन जाती है। आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर हर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित खटीक, विनय लोधी, प्रवक्ता संतोष सिंह, जगन्नाथ नामदेव, पप्पू रावण, करण दाहिया, ऋषभ पटेल, रामसिया गुप्ता, शिवा कुशवाहा, शिवा मोर्या, आयुष ठाकुर, सचिव लाखन सिंह तोमर, बाबूलाल विश्वकर्मा, निकलेश प्रसाद, विकास खटिक, कमलेश ठाकुर, राजकुमार कुशवाहा, विकास श्रीवास्तव, राममिलन कुशवाहा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








