विकास शुल्क जमा कराने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में लगेगा तीन दिवसीय विशेष शिविर, 6 से 8 मई तक होगा आयोजन, निगमायुक्त ने किया विशेष दल गठित

कटनी। मध्य प्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम 2021 के तहत अनाधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को गति नागरिकों को विकास शुल्क जमा करने की सुविधा प्रदान कर नागरिक मूलभूत अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 17 में तीन दिवसीय विकास शुल्क शिविर का आयोजन 06 मई से 08 मई 2026 को प्रातः 11 बजे से शाम 5ः30 बजे तक किया जा रहा है। कालोनी सेल अधिकारी एवं निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि पूर्व में चिन्हित अनाधिकृत कॉलोनियों के अभिभाषकों एवं संबंधित पक्षों को सूचना जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के क्रम में संबंधित नागरिकों से विकास शुल्क की राशि जमा करने हेतु यह विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए विशेष दल का गठन किया गया है।
गठित दल का प्रभारी जायेन्द्र प्रताप सिंह बघेल को नियुक्त करते हुए दल में समयपाल, सहायक कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं आउटसोर्स कर्मचारियों सहित विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्रीय पार्षद के साथ समन्वय स्थापित करते हुए वार्ड में शिविर का प्रचार प्रसार करने के साथ ही आवश्यक व्यवस्था जैसे टेंट, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों का परीक्षण कर विकास शुल्क की डिमांड जारी की जाएगी तथा संबंधित राशि नगर निगम के निर्धारित खाते में जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों सहित नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण करें एवं अपनी कॉलोनियों के नियमितीकरण में सहयोग प्रदान करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *