बरही के महानदी पुल पर दौड़ती पिकअप बनी आग का गोला, तेल और किराना सामग्री जलकर खाक, मची अफरा तफरी

कटनी। जिले के बरही मार्ग स्थित जर्जर महानदी पुल पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब सतना से बरही की ओर जा रहे तेल एवं किराना सामग्री से लदे पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया और उसमें लोड पूरा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। पिकअप वाहन सतना से तेल और फॉर्च्यून सहित अन्य किराना सामग्री लेकर बरही जा रहा था। जैसे ही वाहन महानदी पुल के बीचों-बीच पहुंचा, अचानक उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और परिचालक को वाहन छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया और उसमें रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि यह वही महानदी पुल है, जिसकी मरम्मत पिछले चार वर्षों से लंबित है। जिला प्रशासन के रिकॉर्ड में इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध है और केवल एम्बुलेंस, कार, बाइक जैसे छोटे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति है। इसके बावजूद भारी मालवाहक वाहन पुल से गुजर रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। आग पर काबू पाने तक वाहन और उसमें लदी अधिकांश सामग्री पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर जर्जर महानदी पुल की स्थिति और प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *