मकान निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा, मोटर में करंट उतरने से 28 वर्षीय युवक की मौत, रीठी के करैया नंबर-1 गांव में हुआ हादसा

कटनी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करैया नंबर-1 में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। मकान निर्माण कार्य के दौरान मोटर में अचानक करंट उतरने से युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान करैया नंबर-1 निवासी आनंद पटेल, उम्र 28 वर्ष, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आनंद पटेल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब 7 बजे तालाब से गड्ढे में पानी भरने के लिए मोटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोटर में अचानक करंट उतर आया और युवक उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए कटनी लाया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। निर्माण कार्य के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 28 वर्ष की उम्र में युवक की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।