ढीमरखेड़ा में लघु वेतन कर्मचारी संघ की बैठक हुई आयोजित, नई कार्यकारिणी के विस्तार पर कवायत
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ की ढीमरखेड़ा ब्लॉक स्तरीय बैठक शनिवार, 12 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम ने की। जिला कार्यकारिणी की सहमति से संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने संगठन की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की।
बैठक में जितेंद्र मिश्रा को ब्लॉक अध्यक्ष, सदानंद कोल को जिला कार्यकारिणी सचिव, नीलेश पौराणिक को उपाध्यक्ष तथा सुजीत शुक्ला को संगठन सचिव मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सीपीसीटी परीक्षा के संबंध में आदेश जारी करने, पदोन्नति आदेश जारी करने, विभागीय समिति का गठन करने, जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने तथा तहसील स्तर पर विभागीय परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा राजस्व विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समयमान वेतनमान के आदेश शीघ्र जारी करने, कार्यभारित एवं आकस्मिक निधि कर्मचारियों को नियमित पदस्थापना देने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, स्थाई कर्मियों और अंशकालीन रसोइया बहनों की मांगों पर भी चर्चा की गई। बैठक में इन मांगों के उचित समाधान के लिए संबंधित विभागों को पत्राचार करने तथा ज्ञापन और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों ने संगठन को सक्रिय रूप से सहयोग करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी मनोज श्रीवास, सौरभ सिंह, राकेश जसूजा, धर्मेंद्र, अनिल पांडेय, जितेंद्र मिश्रा, नीलेश पौराणिक, सुजीत शुक्ला, जनमेजय रजक, आशीष बर्मन, उमेश पुरी, उमेश सेन, सुधाकर उपाध्याय, सुंदर लोधी, कृष्ण कुमार सेन, रामप्रकाश रैदास, यशवंत प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह परते, देवानंद वर्मा, भागीरथ सिंह, आलोक शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि संगठन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।