टिकरिया-कैलवारा में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की दिशा में बड़ा कदम, आवंटित भूमि का राजस्व दल के साथ किया गया सीमांकन, उद्योग विभाग ने तेज की प्रक्रिया

टिकरिया-कैलवारा में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की दिशा में बड़ा कदम, आवंटित भूमि का राजस्व दल के साथ किया गया सीमांकन, उद्योग विभाग ने तेज की प्रक्रिया

कटनी। जिले के टिकरिया-कैलवारा क्षेत्र में प्रस्तावित रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की स्थापना को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को उद्योग विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्लस्टर के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन (डिमार्केशन) कराया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रबंधक ज्योति सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप कटनी जिले में रेडीमेड गारमेंट उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गारमेंट क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे जिले में औद्योगिक निवेश को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर के लिए आवंटित भूमि पर उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राजस्व विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से सीमांकन की कार्रवाई पूरी कराई। सीमांकन के बाद आगामी विकास कार्यों और अधोसंरचना निर्माण की प्रक्रिया को भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि गारमेंट क्लस्टर के विकसित होने से कटनी जिले में वस्त्र उद्योग को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। शासन की औद्योगिक विकास नीति के तहत इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post