तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीण पर भालू का जानलेवा हमला, सिर और चेहरा नोचा, हालत नाजुक, जिला अस्पताल में भर्ती

कटनी। जिले के जंगलों में हिंसक वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह रैपुरा क्षेत्र के बिलपुरा जंगल में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गए एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम बिलपुरा निवासी भईयन आदिवासी (50) शुक्रवार सुबह रोज़ की तरह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भालू ने ग्रामीण को जमीन पर पटक दिया और सिर व चेहरे पर कई बार हमला किया।
ग्रामीण की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों ने लाठी-डंडों से शोर मचाकर किसी तरह भालू को भगाया, लेकिन तब तक भईयन गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हमले में उनके सिर और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं और काफी खून बह गया।
घायल को तत्काल रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम.एल. चौधरी ने बताया कि घायल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें हैं तथा उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद बिलपुरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। तेंदूपत्ता सीजन के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना जंगलों में जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *