केसीएस विद्यालय एवं निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
कटनी। विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विद्यालयों में कराए जा रहे उन्नयन कार्यों का बुधवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने केसीएस विद्यालय एवं निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, नोडल अधिकारी आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, शाला प्राचार्य रूप भास्कर, शिक्षक रिजवान हसन खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो
निगमायुक्त ने विद्यालय परिसर में कक्षाओं में कराए जा रहे पुट्टी, रंगाई-पुताई, विद्युत फिटिंग, फ्लोर टाइल्स, आवश्यक मरम्मत कार्य, खेल मैदान, मंच तथा शिक्षकों एवं छात्राओं के लिए निर्मित किए जा रहे शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त ने केसीएस कन्या शाला में अध्ययनरत छात्राओं की सुविधा के मद्देनजर शाला एवं ई लाइब्रेरी जाने वाले रास्ते के में अलग-अलग गेट लगवाने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने समुचित फर्नीचर व्यवस्था सहित शेष बचे अन्य छोटे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर ई-लाइब्रेरी प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं अन्य ज्ञानवर्धक संसाधनों तक सहज पहुंच प्राप्त होगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता एवं तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी।
आधुनिक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना लक्ष्य
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है तथा सभी निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विद्यालयों के उन्नयन कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता
उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम कटनी द्वारा केसीएस विद्यालय, विद्यालय परिसर स्थित ई-लाइब्रेरी सहित निगम के अन्य विद्यालयों में भी आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं उन्नयन कार्य प्राथमिकता के साथ कराए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।








