अपराध किया तो खैर नहीं, विजयराघवगढ़ थाने में आदतन अपराधियों की लगी क्लास, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

कटनी। जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने थाना परिसर में आदतन अपराधियों की सघन चेकिंग कर उन्हें सख्त हिदायत दी।
पुलिस ने थाना क्षेत्र के करीब तीन दर्जन आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों और दिनचर्या की जानकारी ली। इस दौरान सभी के डोजियर फॉर्म भरवाए गए और उनके रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। थाना प्रभारी ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्हें बताया गया कि बाउंड ओवर की अवधि के दौरान यदि किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए गए तो सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा आदतन अपराधियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *