कार से कुचलकर हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, एनकेजे पुलिस ने आरोपी के साथ कार भी की जब्त

कटनी। एन.के.जे. थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को देवरा खुर्द निवासी 65 वर्षीय बिहारी लाल सोनी ने विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब बिहारी लाल सोनी अपने पुत्र संजय सोनी और सतेंद्र सोनी के साथ घर लौट रहे थे, तभी जुहली मोड़ नहर पुलिया के पास आरोपी कार लेकर पहुंचा।
आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज विनोद तिवारी ने पहले उन्हें रोककर जान से मारने की धमकी दी और फिर उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवारों के गिरने के बाद आरोपी ने बिहारी लाल सोनी को कार से कई बार कुचलने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर एन.के.जे. थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज (47), निवासी देवरा खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार (एमपी-21-जेडजे-7617) भी जब्त कर ली है। इस कार्रवाई में थाना एन.के.जे. पुलिस टीम और साइबर सेल कटनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की विवेचना जारी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *