घर की बाड़ी में उगाए थे गांजे के पौधे, विजयराघवगढ़ पुलिस ने रंगेहाथ आरोपी को दबोचा

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना विजयराघवगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी के घर के सामने बाड़ी में उगाए गए गांजा के पौधों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 25 जून 2026 को थाना क्षेत्र में रेड कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम घुघरी में सुरेश चौधरी के घर के सामने स्थित बाड़ी में गांजा जैसे हरे रंग के तीन पौधे दिखाई दिए।
पुलिस ने संदेह के आधार पर पौधों को उखड़वाकर जांच की, जिसमें वे मादक पदार्थ गांजा के पौधे पाए गए। तौल करने पर जब्त पौधों का कुल वजन 570 ग्राम निकला। मामले में पुलिस ने आरोपी सुरेश चौधरी पिता स्व. सेमाली चौधरी (44 वर्ष), निवासी ग्राम घुघरी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *