छात्रों की गूंज अभियान युवाओं की आवाज को देगा नई दिशा : कांग्रेस

कटनी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से देशभर के छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह अभियान युवाओं के अधिकारों, सपनों और संघर्षों की सशक्त आवाज बनेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती के साथ उठाया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि देश का युवा निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती और बेहतर भविष्य की मांग कर रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में देश का युवा पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन ‘कक्का’ ने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का अधिकार है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा केवल अवसर, न्याय और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित किया है। ऐसे में परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना समय की आवश्यकता है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा, परिणाम और भर्ती प्रक्रिया के लिए समयबद्ध वार्षिक कैलेंडर लागू किया जाए। नेताओं ने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, रामनरेश त्रिपाठी, राकेश जैन ‘कक्का’, प्रेम बत्रा, अजय जैसवानी, अजय कोल, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, हर्षित मिश्रा एवं साहिल नामदेव उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *