मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग प्रमुख का फूंका पुतला

कटनी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी सेतिया के मार्गदर्शन में बुधवार को कटनी में महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्यसभा प्रत्याशी रहीं मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को निरस्त किए जाने के विरोध में थाना तिराहा पर चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदेश महासचिव एवं शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को बिना पर्याप्त अवसर दिए निरस्त किया गया, जबकि सामान्य परिस्थितियों में नामांकन संबंधी कमियों को सुधारने का समय दिया जाता है। रजनी वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन व्यवहार में महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट किए बिना नामांकन पत्र निरस्त कर दिया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में मीनाक्षी नटराजन के साथ हुए कथित अन्याय की निष्पक्ष समीक्षा कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष माधुरी जैन, पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष राजा जगवानी, राकेश जैन, विजय पटेल, प्रशांत जैसवाल, मंगल सिंह, सुमन रजक, आदिता वर्मा, मंजू निषाद, मुमताज बानो, सुषमा सिंह, सुनीता सोनी, गीता निषाद, रुक्मणी पांडे, कल्पना पाठक, रूपा तिवारी, दुर्गावती कोल, अर्चना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *