नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरियां, शातिर चोर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में, दो चोरी की वारदातों का खुलासा

कटनी। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए सुनसान घरों और कार्यालयों को निशाना बनाता था। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 को पुरानी कचहरी स्थित महिला एवं बाल विकास कार्यालय का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर प्रिंटर, डेस्कटॉप और अन्य सामान चोरी कर ले गया था। वहीं, 15 जून 2026 को सिविल लाइन रेलवे कॉलोनी निवासी मोहम्मद शाहनवाज के घर के पीछे बने किचन की जाली तोड़कर पीतल की टंकी और दो बड़े गंज चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर निषाद पिता रामप्रसाद उर्फ भोली निषाद (21 वर्ष), निवासी नई बस्ती, शंभू टॉकीज के पास, कटनी बताया।
आरोपी ने पूछताछ में दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गायत्री नगर पुलिया के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। पकड़ा गए चोर से 2 एल्यूमीनियम के बड़े गंज, 1 पीतल की टंकी, 1 लोहे का पुराना दरवाजा बरामद किया गया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नितिन जायसवाल, सूर्यकांत त्रिपाठी तथा आरक्षक अमित ठाकुर और गोवर्धन रजक की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *