प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 12 युवाओं ने लिया अंगदान महादान का संकल्प
कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं अंत्योदय को समर्पित ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर, उनके सेवा भाव, राष्ट्रहित एवं मानव कल्याण के कार्यों से प्रेरित होकर 12 युवाओं ने AIIMS नई दिल्ली की ORBO (Organ Retrieval Banking Organization) के माध्यम से अंगदान हेतु पंजीकरण कर ऑर्गन डोनर कार्ड प्राप्त किए। यह प्रेरणादायी पहल भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, युवा सिख संगठन मध्यप्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं द मलंग फाउंडेशन के संस्थापक दिलराज अमर सिंह बग्गा के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं अंगदान के प्रति जागरूक रहेंगे तथा समाज में भी इसके प्रति जनजागरण का कार्य करेंगे।
अंगदान का संकल्प लेने वालों में दिलराज अमर सिंह बग्गा, रजत केसरिया, निहाल सोनी, अमित गौतम, कृष्णानंद पांडेय, विनय दीपक श्रीवास्तव, सुनील बंजारा, निखिल सोनी, सुमीत चौरसिया, दीपकमल जायसवाल, दीपांशु तिवारी, सौरभ गुप्ता शामिल रहे। इस अवसर पर दिलराज अमर सिंह बग्गा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में सेवा को शासन का आधार बनाया है। उनके नेतृत्व में जनकल्याण, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को नई शक्ति मिली है। उन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर युवाओं ने अंगदान का यह संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि अंगदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन का दूसरा अवसर देने का संकल्प है। एक अंगदाता अपने निधन के बाद भी कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद, नई मुस्कान और नया भविष्य दे सकता है। श्री बग्गा ने कहा कि आज आवश्यकता है कि समाज का प्रत्येक जागरूक नागरिक अंगदान के महत्व को समझे और इस महापुण्य कार्य से जुड़े। युवाओं द्वारा लिया गया यह संकल्प न केवल मानवता की सेवा का उदाहरण है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उनकी जागरूकता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लिया गया यह संकल्प समाज में सकारात्मक परिवर्तन, मानव सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।








