कटनी पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को मिला सम्मान, जिले भर के 207 पुलिस कर्मियों को 1.22 लाख की पुरस्कार राशि वितरित, एसपी ने दी शाबाशी

कटनी पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को मिला सम्मान, जिले भर के 207 पुलिस कर्मियों को 1.22 लाख की पुरस्कार राशि वितरित, एसपी ने दी शाबाशी

कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 में संचालित गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। कटनी जिले में अभियान के दौरान दर्ज 67 प्रकरणों में 207 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने गंभीरता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए गुम बच्चों को तलाशने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने अपराध नियंत्रण, तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए कुल 1 लाख 500 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की। इस दौरान साइबर सेल के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकरणों में जारी 11 पृथक आदेशों के माध्यम से 45 अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके अनुशासित कार्य, अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका तथा विभाग के प्रति समर्पित सेवा भावना के लिए 22 हजार की अतिरिक्त पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिला कटनी पुलिस पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियानों में लगातार प्रभावी और संवेदनशील भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मेहनत, समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है। विशेष अभियान के दौरान गुम बालक-बालिकाओं की सफल दस्तयाबी, अपराधों के त्वरित निराकरण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों को विभाग द्वारा सम्मानित किए जाने से पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post