अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डीआईजी अतुल सिंह की हिदायत, आमजन की शिकायतों पर तुरंत लें प्रभावी एक्शन, कोतवाली थाने का किया औचक निरीक्षण
कटनी। जबलपुर रेंज के डीआईजी अतुल सिंह ने सोमवार को कोतवाली थाने का औचक निरीक्षण कर थाना प्रबंधन, अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना अभिलेखों, विभिन्न रजिस्टरों, लंबित प्रकरणों की फाइलों तथा अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, मालखाना व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
डीआईजी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक मामले में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, चिन्हित अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
डीआईजी ने कहा कि थाना आने वाले नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले की कानून एवं व्यवस्था की वर्तमान स्थिति तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने कोतवाली थाना क्षेत्र की विशेष चुनौतियों एवं उनके समाधान के लिए की जा रही कार्यवाहियों से अवगत कराया। निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने थाना स्टाफ को बेहतर पुलिसिंग, जनसहयोग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।








