बोलेरो से हो रहा था 350 लीटर पेट्रोल का अवैध परिवहन, ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

बोलेरो से हो रहा था 350 लीटर पेट्रोल का अवैध परिवहन, ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

कटनी। जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन में अवैध रूप से पेट्रोल परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से करीब 350 लीटर पेट्रोल जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे के मार्गदर्शन में चौकी सिलौड़ी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोपालपुर तिराहा के पास एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में अवैध रूप से पेट्रोल रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में 7 कैन मिले, जिनमें प्रत्येक में लगभग 50 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। कुल 350 लीटर पेट्रोल की कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है।
वाहन में चालक मनोज साहू पिता नन्हेलाल साहू उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम बम्हनी थाना उमरिया पान जिला कटनी तथा उसके साथ रामकेश पिता भारतलाल निवासी ग्राम बम्हनी थाना उमरिया पान जिला कटनी मौजूद मिले। पूछताछ के दौरान आरोपी पेट्रोल परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने ज्वलनशील पदार्थ का लापरवाहीपूर्वक परिवहन किए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 3/7 ईसी एक्ट एवं धारा 287 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पेट्रोल एवं बोलेरो वाहन जब्त कर लिया। जब्त वाहन को सुरक्षार्थ चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा एवं आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post