नागरिकों के लिए सुनहरा अवसर, 30 जून तक जल कर का वार्षिक भुगतान करने पर 1 माह के जल कर की मिलेगी छूट

नागरिकों के लिए सुनहरा अवसर, 30 जून तक जल कर का वार्षिक भुगतान करने पर 1 माह के जल कर की मिलेगी छूट

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जलकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने एवं नियमित राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनहित में चालू की गई सालाना अग्रिम जलकर भुगतान योजना को नागरिकों का उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। योजना के अंतर्गत जलकर की वार्षिक राशि का एकमुश्त अग्रिम भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 1 माह के जल कर के बराबर राशि की विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिससे नागरिकों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत 27 मई तक नगर के लगभग 200 से अधिक जलकर उपभोक्ताओं ने सालाना जलकर का अग्रिम भुगतान कर एक माह की छूट योजना का लाभ प्राप्त किया है।
निगम प्रशासन द्वारा लागू की गई यह जनहितैषी योजना न केवल उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है, बल्कि समयबद्ध कर भुगतान की आदत को भी प्रोत्साहित कर रही है। एकमुश्त जलकर का भुगतान करने से नागरिकों को बार-बार बिल जमा करने की प्रक्रिया से राहत के साथ ही भविष्य में लगने वाले अधिभार से भी मुक्ति मिल सकेगी।
निगम प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष छूट योजना की अवधि समाप्त होने में अभी लगभग एक माह से अधिक का समय शेष हैं। ऐसे में नगर के शेष जलकर उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे निगम कार्यालय अथवा अपने निकटतम जोन कार्यालय में पहुंचकर 30 जून 2026 के पूर्व जलकर की सालाना राशि का अग्रिम भुगतान करें एवं 1 माह की छूट का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।
निगम प्रशासन का कहना है कि नागरिकों द्वारा समय पर कर भुगतान किए जाने से नगर की पेयजल व्यवस्था, रखरखाव आदि कार्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। साथ ही यह सहभागिता शहर के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post