पहरुआ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 65 लाख की लगभग 25 एकड़ शासकीय भूमि से हटा अतिक्रमण, चली जेसीबी

कटनी। जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मुहिम के तहत प्रशासन ने स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम पहरुआ में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये बाजार मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में राजस्व अमले ने ग्राम पहरुआ स्थित विभिन्न खसरों की शासकीय भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार खसरा नंबर 141, 84, 142, 227, 234/1, 233, 222, 231, 214, 641, 219, 226 और 228 सहित अन्य शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती और व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। प्रशासन ने बताया कि शंकरपुरी, जगत पटेल, बाबूलाल, यदुनंदन, दामोदर, लक्ष्मण, अरविंद पटेल, प्रदीप, सुरेंद्र, निर्भय सिंह, प्रमोद सिंह, रामकुमार, ब्रजकिशोर, राममिलन बर्मन, मर्रो बाई, प्रकाशपुरी, प्रतापपुरी, मैकू, संदीप, विजय बर्मन और गोविंद सहित कई लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। सभी कब्जों को हटाकर भूमि को शासन के अधिपत्य में लिया गया।
25 एकड़ भूमि पर था कब्जा
तहसीलदार श्री नामदेव ने बताया कि करीब 25 एकड़ सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर कृषि कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा तीन व्यावसायिक दुकानें भी बना ली गई थीं, जिन्हें जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। इनमें दो दुकानें 8×10 फीट और एक दुकान 25×10 फीट आकार की थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *