सिल्वर टॉकीज रोड स्थित जर्जर भवन को किया गया ध्वस्त, मानसून पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के तहत निगम प्रशासन की कार्रवाई

सिल्वर टॉकीज रोड स्थित जर्जर भवन को किया गया ध्वस्त, मानसून पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के तहत निगम प्रशासन की कार्रवाई

कटनी। आगामी मानसून सत्र के दौरान नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर के व्यस्ततम क्षेत्र सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी के एक जर्जर एवं खतरनाक भवन का ध्वस्तीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। कार्रवाई के दौरान निगम प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। संभावित दुर्घटना से बचाव के उद्देश्य से मार्ग को दोनों ओर से अस्थायी रूप से बंद कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। निगम अमले एवं मशीनरी की सहायता से भवन के खतरनाक हिस्सों को व्यवस्थित रूप से हटाया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में जनहानि की आशंका समाप्त हो सकी।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि को रोकने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न वार्डों में पुराने एवं जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण में खतरनाक श्रेणी में पाए गए भवन स्वामियों को नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार एवं ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन भवन स्वामियों द्वारा निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्रवाई नहीं की जा रही है, उनके विरुद्ध निगम प्रशासन द्वारा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जर्जर एवं खतरनाक भवनों को स्वेच्छा से हटाने अथवा सुरक्षित कराने की कार्रवाई करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को नागरिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी मानसून पूर्व इस तरह की कार्रवाई को आवश्यक बताते हुए निगम प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post