सब्जी मंडी के पास दिनदहाड़े चली चाकू, युवक गंभीर, शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं से दहशत, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सब्जी मंडी के पास गुरुवार को हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुए इस हमले ने एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में भय व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार प्रशांत सोनी पिता विष्णू सोनी, उम्र लगभग 40 वर्ष, पर कुछ लोगों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले में बुच्चड़, उसकी दो बहनें, भांजा तथा दो अन्य साथी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुराने विवाद या आपसी कहासुनी के बाद आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल प्रशांत सोनी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बढ़ती चाकूबाजी से लोगों में डर
शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं यह दर्शा रही हैं कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है। मामूली विवादों में भी धारदार हथियारों का इस्तेमाल अब आम होता दिख रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम चाकू चलने जैसी घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई कर शहर में सुरक्षा का माहौल बनाया जाए।








