वर्षा पूर्व विभागीय तैयारियों की निगमायुक्त ने की समीक्षा, दिए अधिकारियों को निर्देश, प्रतिदिन वार्डों का करें निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्थाओं की करे सतत मॉनिटरिंग
कटनी। आगामी वर्षा ऋतु में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने तथा सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां निरंतर जारी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार द्वारा स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर वर्षा पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कार्यपालन यंत्री असित खरे एवं अंशुमान सिंह, सहायक यंत्री सुनील सिंह एवं अनिल जायसवाल, उपयंत्री जेपी बघेल एवं संजय मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने बैठक के दौरान शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों के नाले नालियों की सफाई व्यवस्था की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी ली। उन्होंने बस स्टैंड, तुलसी गार्डन, साईं परम कॉलोनी, जागृति कॉलोनी, एसबीएन स्कूल क्षेत्र, समदड़िया कॉलोनी, झिंझरी, सागर पुलिया, गाटर घाट, मोहन घाट, चांडक चौक, राष्ट्रीय स्कूल, महात्मा गांधी वार्ड गांधी गंज, कटनी डिग्री कॉलेज, बारहवां क्षेत्र, एलआईसी ऑफिस, रंगनाथ मंदिर, मंगल नगर पुलिया, माधव नगर ग्राम पंचायत चौराहा, बंगाली कॉलोनी, विश्राम बाबा कुम्हार मोहल्ला एवं रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर नाला-नालियों की सफाई कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मशीनरी एवं मानव संसाधनों की संख्या बढ़ाकर शेष नाला-सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही जल निकासी मार्गों में अवरोध उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाने, सड़कों के गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने, नालों के आसपास उगी झाड़ियों एवं मलबे की सफाई सुनिश्चित करने तथा मुख्य मार्गों के शोल्डर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने जलभराव वाले मार्गों का चिन्हांकन कर स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने, खतरनाक खुले नालों की कवरिंग के प्रस्ताव तैयार करने एवं वर्षा पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्था समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त ने क्षेत्रीय अधिकारियों को प्रतिदिन अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी प्रदान किए। निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने कहा कि वर्षा काल के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम प्रशासन पूर्ण गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








