बड़वारा पुलिस ने की अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
कटनी। जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बड़वारा पुलिस ने ग्राम निगहरा मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी मुख्यालय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को थाना बड़वारा पुलिस का स्टाफ ग्राम गश्त एवं जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान ग्राम निगहरा मोड़ पहुंचा, जहां एक लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के नीले रंग की ट्रॉली में अवैध रेत भरकर परिवहन करते पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उमेश कुमार पटेल पिता रामजी प्रसाद पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशपुर थाना बड़वारा बताया। इसी दौरान उसी स्थान पर एक अन्य लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर मॉडल 575 भी नीले रंग की ट्रॉली में रेत भरकर परिवहन करते मिला। चालक ने अपना नाम दिलबहार कोल पिता जवाहर कोल, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशपुर थाना बड़वारा बताया। दोनों वाहन चालकों से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया तथा आरोपियों के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि केके पटेल, उनि विष्णुशंकर जायसवाल, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र, प्रधान आरक्षक पवनराज एवं आरक्षक सुरेन्द्र ठाकुर की विशेष भूमिका रही।








