गैस सिलेंडर चोर गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार, बिलहरी पुलिस ने 9 सिलेंडर किए बरामद

कटनी। जिले में गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह के एक फरार आरोपी को बिलहरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 9 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी कुठला राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में बिलहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने 1 फरवरी को गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों सन्नी दाहिया, मंजू पटेल, सलोक कुशवाहा, रोहित यादव और संदीप काछी को गिरफ्तार किया था। उस दौरान चोरी गए सिलेंडरों में से 24 सिलेंडर बरामद किए गए थे। पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 16 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि सिलेंडर चोरी मामले में फरार आरोपी करिया उर्फ रामकरण भूमिया (21) निवासी ग्राम छैघरा थाना कुठला अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी के घर से 5 बड़े और 4 छोटे गैस सिलेंडर सहित कुल 9 सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह कुठला, बड़वारा और एनकेजे थाना क्षेत्र के गैस गोदामों में सिलेंडर चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। जिले में दर्ज प्रमुख मामलों में बिलहरी भारत गैस गोदाम चोरी, बड़वारा इंडेन गैस गोदाम चोरी तथा एनकेजे थाना क्षेत्र में दर्ज सिलेंडर चोरी के मामले शामिल हैं। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संतोष, भरत विश्वकर्मा तथा आरक्षक दिलकेश्वर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *