आधी-अधूरी, अपूर्ण जल जीवन मिशन की नल जल योजनाओं के हस्तांतरण पर होगी सख्त कार्यवाही, जिला पंचायत सीईओ का सख्त फरमान

आधी-अधूरी, अपूर्ण जल जीवन मिशन की नल जल योजनाओं के हस्तांतरण पर होगी सख्त कार्यवाही, जिला पंचायत सीईओ का सख्त फरमान

कटनी। मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना (2.0) सहित केंद्र सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में त्वरित कार्यवाही करते हुए जरूरत मंद नागरिकों को लाभान्वित कराएं। भीषण गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित आधी-अधूरी अपूर्ण नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए बख्शा नहीं जाएगा। जनपद पंचायतों के सीईओ और संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया जाता है कि नल जल योजनाओं के हस्तांतरित किए जाने के पूर्व भली भांति परीक्षण कर लें। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत एवं अन्य योजनाओं से स्वीकृत निर्माण कार्यों को नियत समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूर्ण कराते हुए भौतिक पूर्णता एवं सीसी जारी कराया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने पंचायती ग्रामीण विकास की योजनाओं कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए दिए। मंगलवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने नागरिकों की समस्याओं के प्रति जवाबदेही से संवेदनशील रहकर तत्परतापूर्वक कार्यवाही कर समाधान करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में पेयजल की उपलब्धता हेतु सूक्ष्म रूप से निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों, अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों, अधोसंरचना मद, स्टांप शुल्क राज्य स्तर से स्वीकृत नवीन पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन सहित मनरेगा योजना एवं अन्य योजनाओं एवं विभागों से स्वीकृत प्रगतिरत कार्यों को तकनीकी मानकों का पालन करते हुए पूर्ण कराए जाकर सीसी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रमिकों को हर ग्राम पंचायत में कार्य की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य मौजूद रहे।
इनकी भी हुई समीक्षा
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विस्तार से समीक्षा करते हुए समाधान कारक प्रगति लाने के निर्देश जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों को दिए। समीक्षा बैठक में परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि राज चढ़ार, स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी डॉ मृगेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post