कलेक्ट्रेट में ओबीसी महासभा का उग्र प्रदर्शन, विधायक संजय पाठक का फूंका पुतला, पुलिस ने चलाईं पानी की बौछार, खरीदी केंद्रों में धांधली और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर फूटा आक्रोश

​कटनी। जिले में समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीदी के बीच कांटी खरीदी केंद्र में कथित भ्रष्टाचार और अनियमिताओं का मामला अब गरमा गया है। सोमवार को ओबीसी महासभा ने स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय भाजपा विधायक संजय पाठक का पुतला दहन किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन से पानी की बौछार करनी पड़ी।
भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
​प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष बी.के. पटेल ने जिला प्रशासन पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विजयराघवगढ़ एसडीएम द्वारा जारी एक पत्र का हवाला देते हुए बताया कि प्रशासन की आंतरिक जांच में ही कांटी खरीदी केंद्र की उपार्जन प्रक्रिया को दूषित माना गया है। ​एसडीएम की रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है कि बारदानों का दुरुपयोग और उपार्जन नियमों की अवहेलना की गई है। रिपोर्ट में केंद्र प्रभारी अनमोल दुबे को हटाकर दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस स्पष्ट टीप के बावजूद जिला कलेक्टर द्वारा कोई कदम न उठाना उनकी संलिप्तता को दर्शाता है।
​विधायक के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन
​ओबीसी महासभा ने क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में किसान त्राहि-त्राहि कर रहा है, लेकिन विधायक ने इस भ्रष्टाचार पर संज्ञान लेना उचित नहीं समझा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया और आग बुझाई।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *