शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त, 236 से अधिक वाहन चालको पर की गई कार्यवाही
कटनी। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सडक दुर्घटना मे कमी लाने के उद्देश्य से हेलमेट न धारण करने वाले वाहन चालको के विरूद्ध 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक विशेष हेलमेट चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज 1 मई 2026 को कटनी जिले मे पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एवं एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डीएसपी अजाक शिवा पाठक की उपस्थिति में थाना प्रभारी माधव नगर निरीक्षक संजय दुबे व यातायात स्टाफ के द्वारा बिलहरी मोड़ पर यातायात नियमो का उलंघ्घन कर रहे वाहन चालको पर चालानी कार्यवाही की गई।
चेकिंग के दौरान विशेषकर नशे में वाहन चलाने, बिना नम्बर प्लेट, ट्रिपल रायडिंग, दो पहिया वाहन पर हेलमेट न धारण किए हुए, यातायात नियमो के उलंघ्घन करते हुए पकडे जाने पर भांति भांति के बहाने वाहन चालको ने जुर्माने से बचने हेतु बनाए पर कटनी पुलिस के द्वारा सख्ती से पेश आकर चालानी कार्यवाही की गई एवं वाहन चैकिंग के दौरान नाबालिग बालकों व्दारा दो पहिया वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें रोककर तत्काल उनके परिजनों को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों को सख्त लहजे में पुलिस द्वारा समझाइश दी गई कि नाबालिग बच्चों को वाहन देना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ उनके जीवन के लिए भी अत्यंत जोखिम भरा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभिभावकों की यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, अतः भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ा गया।
अधिकांशतः होने वाली सडक दुर्घटनाओ मे ज्यादातर वाहन चालक बिना हेलमेट के रहते है। अतः दुर्घटना नियंत्रण हेतु विशेष अभियान अंतरगत वाहन चैकिंग एंव जागरूकता अभियान 26 अप्रेल से 10 मई तक लगातार चालू रहेगा। कटनी पुलिस द्वारा सभी वाहन चालको से अपील की गई की सभी यातायात नियमो का पालन करे हेलमेट आवश्यकरूप से पहने ,सीट बेल्ट पहने, अपने नाबालिग बालक व बालिकाओ का वाहन का उपयोग करने न देवे एंव शराब का सेवन करके वाहन न चलाये जो कि दुर्घटनाओ का मुख्य कारण होता है। यातायात नियमो का उलंघन करने वाले वाहन चालको के विरूद्ध चालानी कार्यावाही के साथ-साथ लाईसेंस निलंबन की कार्यवाही भी की जावेगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आम जनता को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना है।








