महज 24 घंटे के अंदर नाबालिक बालिका को सुरक्षित किया दस्तयाब, बड़वारा पुलिस ने बालिका को पहुंचाया परिवार के पास
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश में बड़वारा पुलिस ने नाबालिक बालिका को महज 24 घंटे के अंदर दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की है। बालिका को सुरक्षित वापस पाकर परिवार वालों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की है।
गौरतलब है कि 25 मार्च 2026 को फरियादी ने रिपोर्ट लेख कराया था कि उसकी 16 वर्षीय लड़की बिना बताये कहीं चली गई है। फरियादी को शंका है कि उसकी लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बड़वारा में अपराध धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दौरान विवेचना तकनीकी साक्ष्य के आधार पर बालिका को कटनी से दस्तयाब किया जाकर परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि केके पटेल, सउनि सतेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह की विशेष भूमिका रही।








