ईद की खुशियां बदलीं मातम में, किशोरी की रहस्यमई मौत, कुएं में मिला शव, कैमोर की घटना, मची खलबली
कैमोर। जहां एक तरफ ईद के अवसर पर कैमोर में उत्साह पूर्वक समाज के लोग एक दूसरे को शुभकामनाएं देने में व्यस्त थे वहीं दूसरी तरफ कैमोर के खलवारा बाजार स्थित शुक्ला मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने भुवनेश्वरी स्कूल के समीप एक कुएं में 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। जिस किशोरी का शव आज पाया गया वह पिछले तीन दिनों से लापता थी, जिसकी परिजनों के द्वारा लगातार की जा रही थी।
बताया जाता है की किशोरी के माता-पिता मैहर में निवास करते हैं, जबकि वह पिछले कुछ समय से अपने नाना-नानी के साथ खलवारा बाजार में रह रही थी। रमज़ान माह के चलते परिवार के लोग रोज़े रख रहे थे। दो दिन पहले सेहरी के लिए जब परिवार देर रात उठा, तो किशोरी घर में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। काफी तलाश के बाद भी जब किशोरी का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। आज दोपहर खलवारा बाजार निवासी एक शुक्ला परिवार के पुराने कुएं में स्थानीय लोगों ने एक लड़की का शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर परिषद के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान लापता किशोरी के रूप में की गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी की मौत आत्महत्या है या किसी अन्य घटना का परिणाम। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है।
ईद के दिन हुई इस दुखद घटना से मुस्लिम परिवार में मातम छा गया है, पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। अब इस संदिग्ध मौत से जुड़े सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।








