कटनी-रीठी मुख्य मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना, पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कटनी। गत बुधवार दोपहर कटनी-रीठी मुख्य मार्ग पर ग्राम देवडोंगरा स्थित पांडे वेयरहाउस के सामने दो वाहनों के बीच आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। घटना की सूचना प्राप्त होते ही कुठला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थानीय नागरिकों की सहायता से दोनों घायलों को शीघ्र उपचार हेतु जिला चिकित्सालय कटनी पहुंचाया।

आज 26 फरवरी को अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटना के संभावित कारणों, यातायात व्यवस्था, सड़क की स्थिति एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी कुठला को निर्देश देते हुए कहा की दोनों वाहनों की यांत्रिक स्थिति (मैकेनिकल निरीक्षण) की जांच करें, संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करें इसके साथ ही मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं, दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही हाइवे पर नियमित एवं सघन पेट्रोलिंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरटेकिंग में विशेष सावधानी बरतें एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य नागरिकों के लिए भी घातक सिद्ध हो सकता है। जिला पुलिस कटनी द्वारा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम के लिए सतत अभियान चलाया जा रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *