टकला टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र में 90 प्रतिशत भूखंड आवंटित, 11-12 करोड़ से विकसित हो रहीं सुविधाएं

कटनी। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र टकला टिकरिया में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। करीब 19.52 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस औद्योगिक क्षेत्र में कुल 89 भूखंड तैयार किए गए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए करीब 1100 लाख रुपये (11 से 12 करोड़ रुपये) की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का रास्ता साफ होगा, जिससे जिले में आर्थिक गतिविधियों के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण
शनिवार को कलेक्टर कटनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कटनी, वन मंडल अधिकारी कटनी एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कटनी ने औद्योगिक क्षेत्र टकला टिकरिया का संयुक्त भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, चल रहे विकास कार्यों और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में विद्युतीकरण एवं लाइट फिटिंग का कार्य तेजी से जारी है, जिसे शीघ्र पूरा किए जाने का लक्ष्य है।
समय-सीमा में सुविधाएं पूर्ण करने के निर्देश
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र के विकास की आगामी संभावनाओं और कार्यों की प्रगति को लेकर चर्चा की। उन्होंने शेष बुनियादी सुविधाओं को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आवंटित भूखंडों के हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध हो सकें और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का कार्य गति पकड़ सके।।टकला टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से कटनी जिले में नए उद्योगों के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत होने के साथ औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *