तिलक कालेज के 9 होनहार संभालेंगे देश की सरहदें, एनसीसी कैडेट्स ने अग्निवीर परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया, कलेक्टर ने बढ़ाया उत्साह
कटनी। शासकीय तिलक महाविद्यालय के कला एवं विज्ञान संकाय से स्नातक कर रहे एनसीसी के 9 होनहार विद्यार्थियों ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित अग्निवीर भर्ती परीक्षा में सफल होकर कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। इन युवाओं की उपलब्धि न केवल उनके परिवारों और महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे कटनी जिले के लिए भी सम्मान और प्रेरणा का क्षण है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में सभी चयनित विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारतीय सेना में चयनित होकर इन विद्यार्थियों ने अपने महाविद्यालय, परिवार और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। देश सेवा का यह अवसर आप सबके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगा। आप उस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जिसने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए इतिहास रचा है।
एनसीसी के अनुशासन से सेना के द्वार तक
इन विद्यार्थियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, एनसीसी प्रशिक्षण की कठोर दिनचर्या और राष्ट्रभक्ति की भावना रही है। परेड मैदान से लेकर परीक्षा केंद्र तक का उनका सफर संघर्षों से भरा रहा, लेकिन लक्ष्य स्पष्ट था—देश की सेवा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई और एनसीसी अधिकारी सरदार दिवाकर ने चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी सेना और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
कटनी के लिए गौरव का क्षण
कलेक्ट्रेट में जब नौ युवा अग्निवीर बनने की सफलता के साथ उपस्थित हुए, तब उनके चेहरों पर आत्मविश्वास, आंखों में सपने और हृदय में राष्ट्रसेवा का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था। यह दृश्य केवल नौ विद्यार्थियों की सफलता का नहीं, बल्कि उस युवा शक्ति का प्रतीक था जो अपने भविष्य को देश के भविष्य से जोड़ना चाहती है। शासकीय तिलक महाविद्यालय के छात्र ने यह साबित कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों और लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो सफलता स्वयं रास्ता बना लेती है। अब ये युवा केवल अपने परिवारों की उम्मीद नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सम्मान के प्रहरी बनने की ओर अग्रसर हैं। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि और पूरे जिले का सबसे बड़ा गौरव है। इस दौरान चयनित युवाओं के चेहरों पर देशसेवा का जज्बा और भविष्य के सुनहरे सपनों की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
ये हुये चयनित
चयनित छात्रों में कटनी जिले के 8 और उमरिया जिले का निवासी 1 छात्र शामिल हैं। इनमें कटनी जिले का निवासी नीरज सोनी (ग्राम पड़खुड़ी), तेजबहादुर कुशवाहा (ग्राम हरदुआ बिचुआ), सुनील कुमार गड़ारी (ग्राम पड़रिया एनकेजे), अतुल कुमार (ग्राम पड़खुड़ी), दीपक प्रकाश पटेल (ग्राम परसवारा), आदिल अली (ग्राम सिंघनपुरी), मयंक कुमार (ग्राम खम्हरिया) एवं अनुज कुमार (ग्राम खम्हरिया) शामिल हैं। जबकि 1 छात्र सतीश साहू (ग्राम चांदपुर) उमरिया जिले से हैं। सभी विद्यार्थियों ने एनसीसी ऑफिसर मेजर सरदार दिवाकर के मार्गदर्शन में अग्निवीर भर्ती के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की है। चयनित अभ्यर्थी आगामी 26 जून 2026 तक प्रशिक्षण हेतु रवाना हों जायेंगे।








