बेहद खास है स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ, निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने दिया एकता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा का संदेश
कटनी। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर निवार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंजनी मिश्रा ने समस्त जिलेवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सौहार्द के साथ देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
अपने शुभकामना संदेश में उपनिरीक्षक अंजनी मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और अदम्य राष्ट्रभक्ति को स्मरण करने का पावन अवसर है। यह दिन हमें देश की आजादी के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदानों से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनसेवा के लिए सदैव समर्पित है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सहयोग करने की अपील की। अंत में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। आइए, हम सभी मिलकर आत्मनिर्भर, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।