घर की बाड़ी में उगाया था 7 फीट ऊंचा गांजे का पौधा, कोतवाली पुलिस ने घेराबादी कर दबोचा, रचना नगर कॉलोनी का मामला
कटनी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर के समीप लगाए गए गांजा के पौधे को जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में नशा मुक्त समाज के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में स्मैक, गांजा एवं अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को 17 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रचना नगर कॉलोनी गली नंबर-2 निवासी एक युवक अपने घर के पास तार फेंसिंग से घिरे स्थान पर अवैध रूप से गांजा का पौधा लगाए हुए है। सूचना के सत्यापन के लिए बस स्टैंड चौकी पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने रचना नगर कॉलोनी निवासी अक्षत कुमार जार (23 वर्ष) के घर के समीप तार फेंसिंग के अंदर लगभग 7 फीट ऊंचा हरा-भरा गांजा का पौधा पाया। पूछताछ के दौरान युवक पौधे के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पौधे को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। प्रथम दृष्टया मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 662/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार जब्त की गई सामग्री में एक हरा-भरा गांजा का पौधा शामिल है। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक दीपेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, नीरज पाण्डेय तथा आरक्षक अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह और अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







