घर के पीछे बाड़ी में उगा रखे थे गांजे के 32 पौधे, बड़वारा पुलिस ने मारी रेड, 21 किलो हरा गांजा जब्त, कार्रवाई से मचा हड़कंप
कटनी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी से 32 नग हरे गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन करीब 21 किलो बताया गया है, जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को बड़वारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवरी हटाई के यादव मोहल्ला निवासी रामकुमार यादव अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना पर थाना बड़वारा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तस्दीक की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाड़ी की जांच की, जहां रामकुमार यादव पिता स्वर्गीय मद्धा यादव, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी हटाई, थाना बड़वारा के घर के पीछे गांजे के हरे पौधे लगे मिले। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई करते हुए 32 नग हरे गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 21 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 2,04,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।