मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत जिले के 196 श्रद्धालु अयोध्या-काशी यात्रा के लिए रवाना

कटनी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत सोमवार को कटनी जिले के 196 श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या और काशी (वाराणसी) की धार्मिक यात्रा के लिये रवाना किया गया। यह ट्रेन कटनी जंक्‍शन रेलवे स्टेशन से देर शाम 9.35 बजे रवाना हुई। 23 से 28 नवंबर तक प्रस्तावित इस यात्रा के दौरान तीर्थयात्री अयोध्या और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का स्टेशन पर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कटनी श्री जितेन्‍द्र पटेल और तहसीलदार श्री आकाश नीरज ने यात्रियों को माला पहनाकर उनका सम्मान किया।
राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को निःशुल्क यात्रा, भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो आयकरदाता नहीं हैं, उन्हें प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाती है। शासन द्वारा यात्रियों के लिए संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *