दो माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका मैहर से सकुशल बरामद, मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी, कोतवाली पुलिस ने परिजनों से मिलाया

कटनी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को मैहर से सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिवार ने कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील प्रयासों के लिए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को 15 वर्षीय बालिका अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 4 अगस्त को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 847/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर की तलाश
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बालिका के माता-पिता से पूछताछ की। इस दौरान सामने आया कि घर के काम को लेकर मां ने बालिका को डांटा था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। पुलिस ने नात-रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की, लेकिन काफी समय तक बालिका के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस टीम लगातार बालिका की पतासाजी में जुटी रही। इसी दौरान मुखबिर से उसके मैहर में होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मैहर रवाना हुई और वहां से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर कटनी लेकर आई।
काउंसलिंग कर दी समझाइश
बालिका के सकुशल मिलने की सूचना पुलिस ने उसके माता-पिता को दी। परिजनों के थाना पहुंचने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर बालिका को उनके सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बालिका की काउंसलिंग कर उसे समझाइश दी कि भविष्य में किसी बात से नाराज होने पर बिना बताए घर से न जाए। किसी भी परेशानी की स्थिति में माता-पिता अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से अपनी समस्या साझा करने की सलाह दी गई। वहीं, पुलिस ने बालिका के माता-पिता को भी बच्चों की गतिविधियों और भावनाओं पर ध्यान देने तथा उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने की समझाइश दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। बालिका की सकुशल दस्तयाबी में सउनि. रामेश्वर प्रसाद पटेल, आरक्षक प्रवीण सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन एवं अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *