श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव 22 से 24 नवंबर तक धूमधाम से मनेगा, माधवनगर के श्री गुरुसंगत सचखण्ड दरबार में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी, निकलेगी भव्य शोभा यात्रा, भजन-कीर्तन, कथा के साथ विशाल आम भंडारे का होगा आयोजन
कटनी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव माधवनगर के बाबा नारायणशाह वार्ड स्थित श्री गुरुसंगत सचखंड दरबार में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 22, 23 एवं 24 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन रविवार, 22 नवंबर को शाम 5 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य पालकी बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण करते हुए हरे नारायण भवन पहुंचेगी। रात्रि 9 बजे जबलपुर के भाई सतनाम सिंह द्वारा कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। सोमवार, 23 नवंबर को सुबह 10 बजे भजन-कीर्तन होगा। शाम 4 बजे से संगीतमय सुखमणी साहिब का पाठ होगा। शाम 6:30 बजे बालक-बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद श्री बजरंग बाल रामायण समाज कटनी द्वारा संगीतमय रामायण का आयोजन होगा।
मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 5 बजे से गुरुवाणी कीर्तन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सुबह 9 बजे से आशादीवार, 10 से 11 बजे तक स्वामी सत्यनारायण जी की कथा एवं 11 बजे से हरे माधव भजन-कीर्तन के पश्चात आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 9 से 11 बजे तक बालिकाओं द्वारा संगीतमय रजनी साहिब एवं भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। रात्रि 11 बजे से बालक-बालिकाओं द्वारा भजन संध्या एवं जसन सजाया जाएगा। रात्रि 1 बजकर 20 मिनट पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ साहिब का भोग एवं श्री गुरुनानक देव साहिब जी के अवतरण का विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन समिति ने बताया कि प्रभात फेरी का आयोजन 17 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से किया जा रहा है। वहीं 18 नवंबर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ साहिब का शुभारंभ भी हो चुका है। श्री गुरुसंगत सचखंड दरबार, बाबा नारायणशाह वार्ड, माधवनगर, कटनी की ओर से समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु साहिबान के दर्शन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है। पूज्य पंचायत श्री गुरुसंगत सचखण्ड दरबार के सेवादारों ने सभी धर्म प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।