शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों पर हुई कार्रवाई, वाहन जब्त, ओवरलोडिंग सहित 16 मामलों में कटनी यातायात पुलिस ने ठोका जुर्माना
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के मामले में भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में तीन वाहन चालकों को पकड़ा गया। इनमें डीएल-1-एलआर-9214 के चालक गजराज सिंह (52 वर्ष), एमपी-21-जी-2776 के चालक सोनू कुशवाहा (30 वर्ष) तथा एमपी-13-जेडएच-4198 के चालक विकास कुमार यादव (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा एमपी-21-जी-2683 को ओवरलोडिंग के मामले में पकड़ा गया।
अव्यवस्थित पार्किंग और ओवरहाइट लोडिंग पर भी कार्रवाई
पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित ऊंचाई से अधिक भार लादने, वाहनों पर नियमानुसार पंजीयन क्रमांक प्रदर्शित नहीं करने तथा यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्ती दिखाई। इन मामलों में कुल 16 चालानी कार्रवाई की गई। इस अभियान में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, अभिनव शुक्ला सहित यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील
कटनी यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, क्षमता से अधिक और निर्धारित ऊंचाई से ज्यादा भार नहीं लादने, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने तथा पंजीयन क्रमांक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की अपील की है। साथ ही यातायात बाधित नहीं करने और सभी नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सड़क पर अनुशासन अपनाएं, सुरक्षित घर पहुंचें। नशे में ड्राइविंग छोड़ें, जिंदगी से नाता जोड़ें।