विजयराघवगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न, त्योहारों और आपदा प्रबंधन पर हुई चर्चा

कटनी। आगामी ईद, रक्षाबंधन एवं कजलिया पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार श्री शुक्ला, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य, आमजन एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान त्योहारों के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों से सुझाव लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। नायब तहसीलदार श्री शुक्ला ने नागरिकों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह भी किया।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आपदा प्रबंधन पर भी विशेष चर्चा हुई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति में नदी-नालों पर बहते पानी के बीच सड़क पार नहीं करने की सलाह दी। साथ ही वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं से बचाव एवं ऐसे मामलों में तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार शुरू कराने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *