युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास का होगा घेराव, चरणबद्ध आंदोलन का किया ऐलान

कटनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त पत्रकार वार्ता में सरकार पर विभिन्न मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की रूपरेखा घोषित की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने नीट और सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस जल्द ही “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसान खाद और बिजली संकट से जूझ रहे हैं। डीएपी और यूरिया की कमी, कालाबाजारी, अपर्याप्त बिजली आपूर्ति तथा टोकन व्यवस्था की अव्यवस्था से किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने उज्जैन भूमि प्रकरण और महाकाल लोक परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग भी की गई।
कांग्रेस ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही एक डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अवैध संपत्तियों से जुड़ी जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। सत्यापन के बाद इन तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, “छात्रों की गूंज” अभियान, 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक जनजागरण कार्यक्रम, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई केप अंतिम सप्ताह में उज्जैन में विशाल रैली और जनआंदोलन आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा कि विधानसभा सत्र में भी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों और पारदर्शी शासन व्यवस्था के समर्थन में है। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और जनता को जवाब नहीं मिलेगा, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *