ब्रांडेड जेके वॉल पुट्टी के नाम पर बेची जा रही थी नकली पुट्टी, कोतवाली पुलिस ने 58 बोरियां कीं जब्त, शिवाजी नगर स्थित जेपी इंटरप्राइजेज में पुलिस की दबिश, दुकान संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज
कटनी। शहर में ब्रांडेड कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली निर्माण सामग्री बेचने का मामला सामने आया है। जे.के. वॉल पुट्टी कंपनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शिवाजी नगर स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज में दबिश देकर जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी की 58 बोरियां जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कीमत करीब 51 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकान संचालक के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को जे.के. वॉल पुट्टी कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि कटनी में कंपनी के ब्रांड और लोगो का दुरुपयोग कर नकली वॉल पुट्टी का विक्रय किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा पुलिस टीम एवं कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी के साथ शिवाजी नगर गली नंबर-2 स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज पहुंचे और दुकान पर दबिश दी। मौके पर दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे (42 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर कटनी उपस्थित मिला।
कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ने दुकान में रखी वॉल पुट्टी की बोरियों का परीक्षण किया। पुलिस द्वारा जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी के पंजीयन एवं अधिकृत विक्रय संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर दुकान संचालक ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कंपनी के जांच अधिकारी ने परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि दुकान में रखी बोरियां असली जे.के. कंपनी की बोरियों की नकल कर तैयार की गई हैं और कंपनी के ब्रांड एवं लोगो का अनधिकृत इस्तेमाल किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40-40 किलोग्राम वजन की कुल 58 बोरियां, जिनकी कीमत लगभग 51,800 रुपये है, गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लीं। दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1325/26, धारा 63 एवं 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा एवं सहायक उपनिरीक्षक विजय गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।