बच्चों के बनाए दिए कलेक्टर ने खरीदे, बढ़ाया नन्हे हुनर का मान, कलेक्ट्रेट में लगे स्टॉल पर प्रदर्शित हुए हस्तनिर्मित दीये, कैंडल और रंग-बिरंगे तोरण, वोकल फॉर लोकल का दिया संदेश

कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मिशन वात्सल्य के तहत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों द्वारा तैयार दीपावली के सजावटी उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के हुनर को सम्मान देते हुए उनकी रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। कलेक्ट्रेट के प्रवेश हॉल में लगाए गए स्टॉल पर बच्चों द्वारा तैयार किए गए ग्लास कैंडल, सजावटी दीये, रंग-बिरंगे तोरण, वॉल हैंगिंग, झालर और अन्य आकर्षक हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए गए। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्टॉल से तोरण, कैंडल सहित विभिन्न सजावटी सामग्री खरीदी और नगद भुगतान किया। इस दौरान विभिन्न बाल गृह संस्थाओं के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने भी की खरीदारी
डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी एवं महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेती ने भी बच्चों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों की इस पहल से बच्चों को अपनी कला प्रदर्शित करने के साथ ही अपने हुनर के माध्यम से आर्थिक संबल प्राप्त करने का अवसर मिला।
आत्मनिर्भरता और स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहन
यह स्टॉल केवल सजावटी उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बना। बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता से तैयार उत्पादों ने स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया। बच्चों के हाथों से बनी इन आकर्षक कलाकृतियों ने दीपावली की खुशियों में सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास के रंग भरते हुए यह संदेश दिया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर नन्हे हाथ भी अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना सकते हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *