निर्माणाधीन फॉरेस्टर ग्राउंड का खेल कल्याण विभाग के सचिव संजीव सिंह ने किया निरीक्षण, हॉकी एस्ट्रो टर्फ का लिया जायजा, अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट आयोजित कराने के दिए निर्देश
कटनी। राज्य शासन के युवा एवं खेल कल्याण विभाग के सचिव एवं कटनी जिले के सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी संजीव सिंह ने फॉरेस्टर ग्राउंड परिसर में खेल सुविधाओं के विकास एवं विस्तार हेतु निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री सिंह ने फॉरेस्टर ग्राउंड में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से हॉकी के लिए नवनिर्मित एस्ट्रो टर्फ का जायजा लिया और इसकी व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फॉरेस्टर ग्राउंड में नवनिर्मित एस्ट्रो टर्फ में आस-पास के जिलों की अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट आयोजित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फॉरेस्टर ग्राउंड के निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना से सचिव श्री सिंह को अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि फॉरेस्टर ग्राउंड में स्पेक्टेटर्स गैलरी, पवेलियन, बाउंड्रीवाल, सड़क एवं नाली का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं इंडोर हॉल का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। वर्तमान में इंडोर हॉल में फिनिशिंग एवं फ्लोरिंग का कार्य प्रगति पर है।
ये कार्य हुये पूर्ण
अधिकारियों ने बताया कि फॉरेस्टर ग्राउंड में स्पेक्टेटर्स गैलरी, क्रिकेट पवेलियन भवन, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाली का निर्माण एवं क्रिेकेट स्‍टेडियम का कार्य पूर्ण हो चुका है। इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति लागत 4.21 करोड रुपए है। इसके अतिरिक्त क्रिकेट के लिए स्पेक्टेटर्स गैलरी का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है, जिसकी प्रशासकीय स्वीकृति लागत 1.5 करोड रुपए है। सचिव श्री सिंह ने पूर्ण कार्यों के बाद भवनों को खेल विभाग के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
इंडोर हॉल का निर्माण प्रगति पर
वहीं इंडोर हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसकी प्रशासकीय स्वीकृति लागत 5 करोड़ रुपए है। वर्तमान में इंडोर हॉल का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा फिनिशिंग एवं फ्लोरिंग का कार्य प्रगति पर है। फॉरेस्टर ग्राउंड के निर्माण एवं विकास से संबंधित उक्त कार्य मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, जबलपुर डिवीजन-1 की कार्यकारी एजेंसी द्वारा कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना से सचिव श्री सिंह को अवगत कराया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी सुनीता यादव, सहायक यंत्री उदय कोरी, उपयंत्री अजीत सिंह सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *